लालू यादव बुजुर्ग हो गए हैं, वे क्या बोलते हैं, उन्हें भी खुद पता नहीं चलता : डॉ. दिलीप जायसवाल
इंडी गठबंधन दो भागों में बंटने को तैयार, अंदर-अंदर पक रही खिचड़ी : डॉ. दिलीप जायसवाल
सभी को पता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन आगे नहीं बढ़ पाएगा : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 10 दिसंबर । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित महिला संवाद यात्रा पर दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बयान को हमलोग गंभीरता से नहीं लेते।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा, ” लालू यादव बुजुर्ग हो गए हैं। वे क्या बोलते हैं, उन्हें भी खुद पता नहीं चलता। उन्हें कोई बात बोलने के पहले ध्यान रखना चाहिए। किसी को भी कुछ बोलने के पहले भाषा पर नियंत्रण आवश्यक है। लालू यादव को पहले से ही यह आदत है। वे कुछ भी बोल देते हैं। “
उन्होंने कहा कि हमलोग उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेते हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इंडी गठबंधन का नेतृत्व करने के लालू यादव के समर्थन दिए जाने पर कहा कि लालू यादव ने पहले ही तेजस्वी यादव को कोलकाता भेजा। अब समर्थन भी कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह मामला इंडी गठबंधन का अंदरूनी मामला है, लेकिन ये तय है कि इंडी गठबंधन दो भागों में बंटने के लिए तैयार है।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, ” इंडी गठबंधन में अंदर – अंदर खिचड़ी पक रही है और कुछ भी संभव है। क्योंकि सभी को लग रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन आगे नहीं बढ़ सकता है।”